लखनऊ, 23 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है।
विधानसभा इमारत में तिलक सभागार में सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हो गया।
मतदान की यह प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलेगी, जिसके बाद शाम पांच बजे मतगणना शुरू की जाएगी।
समाजवादी पार्टी (सपा) के जसवंतनगर से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्हें यकीन है कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार भीमराव अंबेडकर राज्यसभा सीट के लिए जीत दर्ज करेंगे।
उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनिल जैन के पक्ष में नौ उम्मीदवार की क्रॉसवोटिग होने की खबरों को भी खारिज किया।
उन्होंने कहा, “इस द्विवार्षिक चुनव में पूरा विपक्ष एकजुट है।”
कांग्रेस विधायकों ने भी वोट डाले।
अजय कुमार ने कहा कि भाजपा के दूसरी पार्टियों के विधायकों को तोड़ने के सभी षड्यंत्र और साजिशें बुरी तरह विफल होगी।
कांग्रेस के सात विधायकों ने बसपा उम्मीदवार को समर्थन देने की प्रतिबद्धता जताई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने कई मंत्रियों के साथ विधानसभा परिसर में हैं।
भाजपा ने नौ उम्मीदवारों को उतारा है जबकि सपा और बसपा ने एक-एक उम्मीदवार उतारे हैं।
dharmpath.com dharmpath