उधमपुर में शहीद हुए जांबाज रॉकी के परिवार को मिला मुआवजा

चंडीगढ़, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। उधमपुर में पिछले महीने पाकिस्तानी आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कांस्टेबल रॉकी के परिजनों को मंगलवार को वित्तीय सहायता के रूप में 20 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रॉकी के पिता प्रीतपाल और मां अंग्रेजो देवी को चेक सौंपा।

रॉकी का जन्म 15 सितंबर, 1990 को हुआ था। वह यमुनानगर जिले के बिलासपुर में रामगढ़ माजरा गांव के रहने वाले थे। वह वर्ष 2012 में बीएसएफ में शामिल हुए और 59वीं बटालियन में सेवारत थे।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने यहां बताया कि पांच अगस्त, 2015 को उधमपुर से 17 किलोमीटर दूर सिमरौली में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान वह शहीद हो गए थे।

खट्टर ने योग्यता के आधार पर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन भी दिया है।

रॉकी ने उधमपुर में पांच अगस्त को हमले में शामिल दो आतंकियों में से एक को मार गिराया था। यह आतंकी बस में घुसने की कोशिश कर रहा था। अगर वह बस में घुस जाता तो सीमा सुरक्षा बल के 40 जवानों की जान पर खतरा आ सकता था। रॉकी ने अपनी जान देकर इस खतरे को टाल दिया था।

वहीं स्थानीय लोगों ने बाद में एक आतंकवादी को पकड़ कर सुरक्षा बलों को सौंप दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493