उन्नाव कांड : एडीजी शाम तक मुख्यमंत्री को सौपेंगे रिपोर्ट

लखनऊ/उन्नाव, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की बांगरमऊ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर लगे दुष्कर्म के आरोपों की जांच करने के लिए लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) राजीव कृष्णा ने बुधवार सुबह उन्नाव पहुंचकर अपनी जांच शुरू कर दी। कृष्णा ने कहा कि वह शाम तक अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप देंगे।

एडीजी बुधवार सुबह विशेष जांच दल (एसआईटी) के साथ उन्नाव स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। राजीव कृष्णा ने उन्नाव में पत्रकारों से कहा, “हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं। शाम तक राज्य सरकार को अंतरिम रिपोर्ट भेज देंगे। एसआईटी पर कोई दबाव नहीं है, यह स्वतंत्र रूप से काम कर रही है। पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा दी जाएगी।”

उन्होंने बताया, “परिवार का एक रिश्तेदार दिल्ली में रहता है, अब ये परिवार पर निर्भर है कि ये सभी अब उन्नाव या दिल्ली में से कहां रहना चाहते हैं।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को निर्देश दिए थे कि एसआईटी मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर मंगलवार शाम तक अपनी रिपोर्ट दे। उन्होंने कहा है कि इस मामले में दोषी चाहे जो भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।

मंगलवार को पीड़िता के पिता की हत्या के आरोप में विधायक कुलदीप सेंगर के भाई अतुल सेंगर को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493