उपराज्यपाल वायसराय और चर्चिल की भाषा बोलते हैं : जैन

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पर वायसराय और चर्चिल की भाषा बोलने का आरोप लगाया।

जैन ने उपराज्यपाल के उस कथित आदेश का विरोध किया, जिसके अनुसार, उन्होंने दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से फाइलों को समीक्षा के लिए उनके पास भेजने को कहा है।

ये फाइल कथित तौर पर उन फैसलों से संबंधित हैं, जिन पर उनकी मंजूरी नहीं ली गई थी।

जैन ने संवाददाताओं से कहा, “हमें मालूम है कि वह (जंग) लोकतंत्र में कितना विश्वास करते हैं। उन्होंने कभी चुनाव नहीं लड़ा, फिर भी शीर्ष पद पर पहुंच गए हैं। इसलिए स्वाभाविक है कि वह ऐसा कहेंगे।”

जैन ने कहा, “वायसराय (ब्रिटिश) भी कहा करते थे कि भारत को पूर्ण आजादी नहीं दी जा सकती। विंस्टन चर्चिल भी कहा करते थे कि भारतीय अपना शासन नहीं चला सकते। उपराज्यपाल उन्हीं की भाषा बोल रहे हैं।”

जैन ने उपराज्यपाल के उस कथित एक आदेश को असंवैधानिक करार दिया, जिसमें उन्होंने दिल्ली सरकार के विभागों के प्रमुखों को फाइल सीधे उनके (उपराज्यपाल) पास भेजने को कहा है।

मंत्री ने कहा, “किसी भी तरह से उपराज्यपाल सीधे तौर पर किसी अधिकारी से संपर्क नहीं कर सकते।”

उन्होंने कहा, “उपराज्यपाल को कोई भी फाइल मांगने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए उचित तरीके से गुजरना होगा। वह कोई भी फाइल सीधे तौर पर न तो मंगा सकते हैं और न ही अकेले कोई निर्णय ले सकते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493