सैफई, 30 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सैफई में मिनी पीजीआई में नई फैकल्टी, ट्रामा सेंटर, हॉस्टल सहित पांच परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से विकास हो रहा है।
अखिलेश ने कहा कि डायल 100 सेवा को हमने और बेहतर किया है। किसानों की मूलभूत सुविधाओं के लिए भी हम काम कर रहे हैं। हर सेक्टर में सरकार अच्छा काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “उप्र में देश की सबसे बड़ी सड़क बना रहे हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से काफी तरक्की होगी और व्यापार बढ़ेगा। हम नौजवानों को नौकरी दे रहे हैं। पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पहले से आसान किया गया है।”
अखिलेश ने कहा कि “शिक्षा विभाग में लाखों लोगों को नौकरी दी गई है। पैरामेडिकल स्टाफ को नौकरी मिलेगी। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है। डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने का काम किया गया है। मेडिकल कॉलेज, ट्रामा सेंटर बनाए जा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “सबसे ज्यादा काम स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहा है। इसके अलावा, चीनी मिलों की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। उच्च न्यायालय की नई इमारत बनाने का काम किया है।”
उन्होंने कहा कि गरीब, किसानों की हर क्षेत्र में मदद हो रही है। “उनकी मूलभूत सुविधाओं के लिए हम काम कर रहे हैं। साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर होता है। सैफई का नाम सबसे स्मार्ट गांव में शामिल हो रहा है।”
इस मौके पर इससे पहले कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि हम नेताजी के मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं। डॉक्टर बनकर छात्र देश की सेवा कर रहे हैं। सैफई में सबसे ज्यादा सुविधाएं हैं। यहां के बच्चे पूरे देश में नाम करेंगे।
dharmpath.com dharmpath