उप्र : ‘अपना दल’ महारैली कर चलाएगा अभियान

छह दिवसीय पहला चरण 22 अक्टूबर से शुरू होगा। इसी तरह 11 नवंबर से शुरू नौ दिनों का दूसरा चरण 20 नवंबर तक चलेगा। इससे पहले 4 नवंबर को मिर्जापुर में महारैली की जाएगी।

शुक्रवार को लखनऊ में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा, “दल के स्थापना दिवस (4 नवंबर) को मिर्जापुर में महारैली की जाएगी। यह रैली राजनैतिक मायने से लाभप्रद होगी और ‘अद’ को सत्ता तक पहुंचाने का काम करेगी। वहीं संगठन प्रभारी ‘बूथ जीतो, सीट जीतो’ अभियान की समीक्षा करेंगे।”

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने भारतीय सेना द्वारा की गई ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ पर भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, “भाजपा को यह समझना होगा कि वह भारतीय सेना नहीं, सिर्फ एक राजनैतिक पार्टी है। भाजपा को सर्जिकल स्ट्राइक पर सियासत नहीं करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “सर्जिकल स्ट्राइल को लेकर प्रश्न भाजपा की कार्यशैली पर है, भारतीय सेना पर नहीं।”

पल्लवी ने कहा, “भाजपा, दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के बयानों को तोड़-मरोड़ पेश कर राजनैतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है, जो निंदनीय है। भाजपा ओछी राजनीति पर उतर आई है। केंद्र सरकार को पाकिस्तान के भारत विरोधी मिथ्या प्रचार को सख्ती से रोकने और विदेश नीति को और पुख्ता करना चाहिए।”

प्रदेश अध्यक्ष छोटेलाल मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था धराशायी हो गई है, जबकि यूपी के मुख्यमंत्री पारिवारिक उलझन में उलझे हुए हैं।

राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद्र मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने घोषणापत्र में शिक्षा का राष्ट्रीयकरण करने की बात कही थी, लेकिन अभी तक उसकी कोई चर्चा तक नहीं की जा रही है। जब तक इस देश में समान शिक्षा लागू नहीं की जाती, तब तक गरीब मजदूरों के बच्चों का विकास संभव नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493