लखनऊ , 14 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अमौसी हवाईअड्डे पर शनिवार शाम को रडार अचानक फेल हो जाने से विमानों का आवागमन प्रभावित हो गया है। इस कारण अमौसी हवाईअड्डा पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। हवाईअड्डा सूत्रों के मुताबिक, करीब आधा दर्जन विमान हवा में ही चक्कर लगाते रहे।
सूत्रों के मुताबिक, हवाईअड्डा पर अफरातफरी का माहौल बन गया है। आला अधिकारी स्थिति को संभालने में जुटे हैं। हवाईअड्डा के निदेशक विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग के इंतजाम में जुट गए हैं।
इस बीच अमौसी हवाईअड्डा के निदेशक पी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि कुछ उड़ानें रद्द की गई हैं। इंजीनियर तकनीकी खराबी को ठीक करने में लगे हुए हैं।
सूत्र बताते हैं कि तकनीकी खराबी के बाद 20 उड़ानें रद्द की गई हैं और इसे ठीक होने में दो दिन का समय भी लग सकता है। ऐसे में 16 जनवरी तक विमान सेवाएं स्थगित रह सकती हैं।
dharmpath.com dharmpath