अवैध शराब माफिया के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब मुम्बई में हाल ही में अवैध जहरीली शराब पीने से 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने बताया कि उन्होंने शराब के अवैध कारोबार रोकने के लिए अपराध शाखा को निर्देश दिया था।
अंसारी ने कहा कि इसी निर्देश के तहत थरियांव थाना क्षेत्र के रमवां में अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिलने पर खुफिया शाखा के प्रभारी मनोज रघुवंशी, विपिन कुमार कुमार सिंह, राजेश सिंह, रावेन्द्र प्रताप सिंह, मुरली सिंह, रजनीश पाण्डेय, रिजवान, राजेन्द्र प्रसाद के अलावा थाना थरियांव प्रभारी ऋषिकान्त शुक्ला, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह ने दलबल के साथ साजन सिंह पुत्र करतार सिंह निवासी रमवां को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने पुराने मकान में चल रहे अवैध शराब के कारखाने के बारे में बताया। जहां उसकी निशादेही पर करीना ब्राण्ड की नकली शराब फैक्ट्री सहित अवैध शराब बनाने के उपकरण व प्रयोग में लाने वाले भारी मात्रा में सामान बरामद किए गए।
अंसारी ने बताया कि अभियुक्त के पास से इंडिगो व एक लोडर मैजिक के साथ दो लाख रुपए कीमत की अवैध शराब बरामद की गई है। जबकि राजन सिंह पुत्र करतार सिंह, संजय तिवारी हाल पता ताम्बेश्वर मंदिर थाना कोतवाली मौके से भाग जाने में सफल रहे।
एसपी ने बताया कि ये लोग पिछले कई वर्षों से करीना ब्राण्ड के नाम से नकली शराब तैयार कर आसपास के जनपदों में आपूर्ति करते थे।
अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
dharmpath.com dharmpath