उप्र : आंधी-बारिश ने बढ़ाई किसानो की मुश्किल, 2 मरे

लखनऊ , 28 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बीते सप्ताह भूकंप के झटके महसूस किए जाने के बाद बाद अब बारिश, आंधी और ओले की मार ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। मंगलवार को लखनऊ , कानपुर, बहराइच, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, झांसी, गाजीपुर, बलिया और वाराणसी सहित उप्र के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई।

मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

सहारनपुर में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। तेज आंधी के कारण बहराइच में कई पेड़ गिर गए और बिजली के तार टूट गए। बारिश के कारण कई घरों को भी नुकसान पहुंचा। इस समय कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है।

लखनऊ के पारा इलाके में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक रिक्शा चालक था।

राजधानी में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में भारी गिरावट आई। शनिवार और रविवार को भूकंप के झटकों से उप्र में जान-माल का भी नुकसान हुआ है। लोग दहशत में हैं। ऐसे में आंधी-बारिश से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। वहीं, किसानों को अपनी बची-खुची फसल की चिंता सता रही है।

उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, अगले 72 घंटों में राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493