उप्र : आरएसएस की बैठक में पहुंचेंगे कई दिग्गज (लीड-1)

लखनऊ/मथुरा, 1 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित केशवधाम में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के मार्गदर्शक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तीन दिनी समन्वय बैठक शुरू हुई। इसमें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पहुंच चुके हैं। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बैठक में हिस्सा लेंगे। इनके अलावा संघ के कई दिग्गज नेता भी इस बैठक में भाग लेंगे।

पहला सत्र सुबह 10 बजे शुरू हुआ। संघ के सूत्रों की मानें तो आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के अलावा संघ परिवार के 35 आनुषंगी संगठनों के पदाधिकारी वृंदावन स्थित केशवधाम में पहुंचे चुके हैं। संघ परिवार वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन, सुरक्षा और आर्थिक पहलुओं पर यहां मंथन करेगा।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में भाजपा का लोकसभा चुनाव के लिए मास्टर प्लान पर खास चर्चा होगी। 2019 की रणनीति बैठक में भाग लेने के लिए संघ प्रमुख मोहन मधुकर भागवत 29 अगस्त को ही वृंदावन पहुंच चुके हैं।

समन्वय बैठक से पूर्व संघ प्रमुख ने आनुषंगी संगठनों के पदाधिकारियों से रणनीति पर चर्चा की। संघ से जुड़े सभी संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष व संयोजक और संगठन मंत्री को बैठक में बुलाया गया है। मुख्य पदाधिकारियों की बैठक आज से शुरू होकर तीन सितंबर तक चलेगी। कई बैठकों का दौर वृंदावन के केशव धाम में चलेगा।

संघ के सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में इन बातों पर चर्चा होगी कि इन संगठनों ने साल भर क्या काम किया, पिछले वर्ष जो लक्ष्य दिया गया था, उसमें कितना कार्य पूरा हुआ और उन्हें क्या परेशानियां पेश आईं।

सूत्रों ने बताया, “केरल में संघ कार्यकर्ताओं पर हमले और उनकी हत्या का मुद्दा निश्चित तौर पर बैठक में उठेगा। इसके अलावा स्वदेशी जागरण मंच चीन से जुड़े विषयों को बैठक में उठा सकता है, क्योंकि उन्होंने ही देश में चीनी वस्तुओं के बहिष्कार का कार्यक्रम आयोजित किया था। बैठक में सेवा भारती, वनवासी सेवा आश्रम, विहिप, एबीवीपी, किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ जैसे संगठन भी हिस्सा लेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493