खागा कोतवाली क्षेत्र के कस्बा ईंटगांव में मामूली विवाद के कारण दो समुदाय (संप्रदाय) के लोगों ने एक-दूसरे का खून बहाने में मानवता को भी शर्मसार कर दिया। हमारी ‘अतिथि देवो भव’ की संस्कृति है। मगर दूसरे गांव से आई बारात का गांव वासियों ने स्वागत न कर रास्ते में खड़ी टैक्सी को हटवाने को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया।
कुछ बारातियों ने उत्पात मचाया तो उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए गांववासी भी उतारू हो गए और देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव हुआ, लाठी-डंडे चलने लगे। बवाल की चपेट में इस्तियाक भी आ गया और ग्रामीणों की मार से बुरी तरह चोटिल होकर कानपुर के हैलट अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
इस्तियाक का सिर्फ एक ही दोष था कि वह गैर धर्मी था। जहां एक-दूसरे का खून बहाने में बाराती एवं ग्रामीण उतारू रहे, वहीं अमन पसंद गांव के ही पूर्व प्रधान यूसुफ और अपने वर्दी की लाज रखने वाला सिपाही आर.के. यादव अपने जान की बाजी लगाकर मानवता की रक्षा के लिए आगे आए।
मोहम्मद यूसुफ ने आक्रोशित बारातियों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया तो वहीं सिपाही आर.के. यादव ने उग्र ग्रामीणों की भीड़ में घुसकर उन्हें हर संभव शांत कराने का प्रयास किया, जिससे दो पक्षों में होने वाला सांप्रदायिक टकराव थम सा गया।
खागा रेलवे क्रॉसिंग ट्रेन के आवागमन के कारण लगभग बीस मिनट तक बंद रहने के कारण पुलिस समय पर नहीं पहुंची। फिर भी पूर्व प्रधान एवं सिपाही यादव ने दोनों पक्षों को शांत कराने में कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ी।
पंचायत चुनाव के दौरान सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मंडवा गांव का सांप्रदायिक बलवा अभी लोग भूल भी नहीं पाए थे कि मामूली सी बात पर ईंटगांव में हुई घटना ने उस बलवा की याद को तरोताजा कर दिया।
जिलाधिकारी राजीव रौतेला और पुलिस अधीक्षक राजीव मलहोत्रा ने कस्बा ईंटगांव जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक राजकमल यादव, उपजिलाधिकारी खागा बलराम सिंह सहित बड़ी तादाद में पुलिस एवं पीएसी बल गांव में शांति और सौहार्द कायम करने में जुटा हुआ है।
खागा थाना क्षेत्र के कस्बा ईटगांव में दो गुटों में पथराव व मारपीट के बाद पुलिस ने शनिवार को नामजद सात लोगो को गिरफ्तार किया है। गांव में तनाव व्याप्त है, वहीं सुरक्षा की ²ष्टि से भारी पुलिस बल मुस्तैद किया गया है। दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस कप्तान राजीव मलहोत्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान लिया।
कस्बा ईंटगांव में गुरुवार को हथगाम से बारात आई थी। रास्ते में विक्रम खड़ा होने को लेकर बाराती और ग्रामीणों में विवाद हो गया। पथराव व मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की ओर से खागा थाने में मामला दर्ज कराया गया। शनिवार को पुलिस ने एक पक्ष के अमीनउल्ला, लियाकत शाह, मदनी, व दीन मोहम्मद तथा दूसरे पक्ष के अमर सिंह, बचऊ व भगत को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन लोग अभी भी फरार हैं। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात है। घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। घायल लालजी व लालबाबू का हरदों अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस कप्तान ने अस्पताल पहुंचकर घटना के बावत जानकारी ली और पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
dharmpath.com dharmpath