उप्र उपचुनाव : जंगीपुर व बिलारी सीट पर सपा का कब्जा (लीड-1)

लखनऊ, 19 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले की जंगीपुर व मुरादाबाद की बिलारी विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) ने जीत हासिल कर ली। इन दोनों सीटों के लिए 16 मई को मतदान हुआ था।

गाजीपुर में जंगीपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी किस्मती देवी ने 22092 वोटों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रमेश सिंह पप्पू को हरा दिया है।

मंत्री कैलाश यादव के निधन से यह सीट रिक्त हुई थी। इसके बाद उन्हीं की पत्नी को सपा ने प्रत्याशी बनाया और सीट अपने पास बरकरार रखी है। 16 मई को हुई वोटिंग में एक लाख 62 हजार लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

अपर निर्वाचन आयुक्त रमाकांत पांडेय के मुताबिक, गाजीपुर पीजी कालेज में सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना के पहले ही राउंड से सपा की किस्मती देवी ने बढ़त बनाए रखी। सपा की किस्मती देवी ने 82316 वोट और भाजपा के रमेश सिंह ने 60224 वोट हासिल किए। सात प्रत्याशियों की लड़ाई में कांग्रेस के शैलेश सिंह को 6852 मत मिले। 1246 मतदाताओं ने नोटा का भी इस्तेमाल किया।

इधर, मुरादाबाद के बिलारी विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी हाजी फहीम ने भाजपा प्रत्याशी सुरेश सैनी को 7093 वोटों से हराया। फहीम को जहां 90464 वोट मिले, वहीं सैनी को 83371 वोट मिले।

गौरतलब है कि बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद इरफान खां का सड़क हादसे में निधन हो गया था। इसके बाद यहां 16 मई को उपचुनाव हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493