उप्र : कड़ी सुरक्षा के बीच प्रदेशभर में हुई बकरीद की नमाज

लखनऊ, 2 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व राज्य के अन्य हिस्सों में शनिवार को ईद उल अज्हा (बकरीद) पर कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज पढ़ी गई। लखनऊ की ऐशबाग ईदगाह में भी लोगों ने ईद उल अज्हा की नमाज अदा कर एक-दूसरे को बकरीद की बधाई दी और देश में अमन-शांति के लिए दुआ मांगी।

नमाज के बाद मौलाना रशीद फिरंगीमहली ने मुस्लिम भाइयों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद के बजट का 10 प्रतिशत हिस्सा बाढ़ पीड़ितों को देकर उनकी मदद करें। इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक भी ऐशबाग ईदगाह पहुंचे और सबको बधाई दी।

राज्यपाल ने कहा, “इस मौके के लिए जब लोग मुझे ईदगाह से न्योता देने आए, तो मैंने उनसे पूछा कि इस बार क्या विशेष करने जा रहे हैं। इसके बाद मुझे बताया गया कि इस वर्ष कई इलाकों में बाढ़ आई है, इसी कारण हम लोग बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ा रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “बकरीद के बजट का 10 प्रतिशत बजट बाढ़ पीड़ितों को दे रहे हैं, यह सुनकर मुझे काफी खुशी हुई और इसके लिए यहां के लोगों को बधाई देता हूं।”

राम ने कहा, “सबके साथ भाईचारा और बराबरी हो, यही मुहम्मद साहब का पैगाम है। हमें यह सोचना चाहिए कि जो हम बोलते हैं, क्या वही वास्तव में करते हैं?”

बकरीद के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सभी को मिल-जुल कर रहने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने ईद-उल-अज्हा पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493