उप्र : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने राहुल को इस्तीफा भेजा

लखनऊ, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने मंगलवार देर रात प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा है।

खबरों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले अब संगठन को तय करना है कि नए सिरे से किसको कौन सी जिम्मेदारी दी जाएगी।

पार्टी की ओर से हालांकि अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने आईएएनएस को बताया कि अभी पार्टी को इस इस्तीफे को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। कुछ समाचार पत्रों में यह खबरें आई हैं लेकिन इसका जवाब वही दे सकते हैं।

कांग्रेस के प्रदेश सूत्रों के मुताबिक राजबब्बर ने अपने कुछ करीबी लोगों को ही अपने इस फैसले की जानकारी दी है। नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए अभी किसी का नाम तय नहीं है। सूत्रों का कहना है कि आधिकारिक रूप से इसका ऐलान होने तक राजबब्बर अपने पद पर बने रहेंगे।

सूत्रों ने बताया कि उप्र में बदलाव पहले से तय है। खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस बाबत कई बार संकेत दे चुके हैं। राष्ट्रीय अधिवेशन में भी उन्होंने बदलाव के संकेत दिए थे।

इस बीच राजबब्बर के इस्तीफे की खबर के बाद से ही प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कई नाम चर्चा में चल रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी, पूर्व सांसद राजेश मिश्र और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी का नाम चर्चा में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493