मृत महिला के मायके के लोगों ने आरोपी पति, सास व ननद के खिलाफ अलीगढ़ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कासगंज के मोहल्ला मिशन चौराहा की गली शांति बाली की है। यहां रहने वाले राजेंद्र की 28 वर्षीय पुत्री सीमा सोलंकी पति की हैवानियत की शिकार हो गई।
सीमा की शादी 4 फरवरी, 2009 को अलीगढ़ जनपद के मोहल्ला बालाजीपुरम निवासी केशवसिंह राघव पुत्र जगपाल के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ साल दांत्पत्य जीवन ठीक चला। सीमा ने दो बच्चियों को जन्म दिया। इसी बीच उनके मकान में एक किराएदार महिला आकर रहने लगी। सीमा के पति से उसके नाजायज संबंध हो गए।
सीमा अपने पति पर किराएदार महिला से मकान खाली कराने का दबाव बनाने लगी, जिस पर विवाद बढ़ता गया। केशव सिंह ने सीमा को अपने रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।
घटना के बाद केशव सिंह की चार वर्षीय बच्ची कशिश ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां को पहले बेल्ट से पीटा, फिर उसके मुंह में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सीमा की मां का कहना है कि सीमा का फोन आया था कि केशव ने उसके साथ किराएदार महिला के कहने पर मारपीट की है। यह बात करते ही फोन जमीन पर गिर गया। मामला गड़बड़ लगने पर सीमा के परिजन जब सुबह अलीगढ़ पहुंचे तो उन्हें सीमा मृत मिली।
सीमा का पति व उसके परिवार के अन्य लोग फरार थे। सीमा के परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद सीमा का शव कासगंज लाया गया। गमगीन माहौल में सीमा का अंतिम संस्कार किया गया।
सीमा के परिजनों ने उसके पति, सास, ननद व जेठ के खिलाफ षड्यंत्र के तहत हत्या का मामला दर्ज कराया है।
dharmpath.com dharmpath