बांदा, 20 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के चिल्ला थाने के भवानीपुर गांव में खेत की सिंचाई को लेकर हुए मामूली विवाद में मंगलवार को एक किसान की गला घोंट कर पहले हत्या कर दी गई और फिर उसके शव को पेड़ से लटका कर आत्महत्या का रूप दे दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ला ने बताया, “भवानीपुर के जंगल में मंगलवार को दोपहर एक किसान कमलेश दीक्षित (55) का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृत किसान के परिजन की तहरीर के आधार पर गांव के आधा दर्जन लोगों के खिलाफ गला घोंट कर हत्या करने और शव को पेड़ से लटकाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”
किसान के परिजनों ने बताया, “चार दिन पूर्व खेत की सिंचाई को लेकर गांव के एक व्यक्ति से मामूली विवाद हो गया था, स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत न दर्ज कर उल्टे मृत किसान के खिलाफ ही मुकदमा लिख दिया था।”
उन्होंने बताया, “मंगलवार को वह ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलकर वापस घर आए और खाना खाकर खेत चले, जहां उसकी हत्या कर दी गई और शव पेड़ से लटका दिया गया।”
dharmpath.com dharmpath