टीकमगढ़ जनपद के थाना दिगौरा अंतर्गत ग्राम फिरौजपुर निवासी 45 वर्षीय प्रदीप दांगी पुत्र अर्जुन सिंह अपने दो बीघे खेत में धान की फसल किए हुए था। प्रदीप के भाई राकेश ने बताया कि उसका भाई प्रदीप खेत पर धान की फसल की रखवाली करने के लिए गया हुआ था। सुबह वह खून से लथपथ घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसकी सूचना पुलिस को देकर प्रदीप को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रदीप ने स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस को बताया कि जब वह रात में खेत की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान हाथों में असलहा लिये नकाबपोश दो बदमाश उसके पास पहुंचे और खसीटकर दूसरे ग्रामीण के खेत में ले गए, जहां पहले उसकी जमकर मारपीट करते हुए गला दबाने का प्रयास किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो दोनों नकाबपोश बदमाशों ने उसे गोली मार दी। इससे वह वहीं पर लहुलुहान होकर गिर गया।
दोनों बदमाश उसे मृत समझकर वहीं छोड़कर भाग गए। होश आने पर वह किसी प्रकार वहां से लहूलुहान हालत में घर आ गया।
प्रदीप की हालत गंभीर होती चली गई। स्वास्थ्य केंद्र ने उसे झांसी मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। झांसी के अस्पताल में उसका इलाज शुरू होता, उससे पहले ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
dharmpath.com dharmpath