हमीरपुर, 14 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पचखुरा बुजुर्ग गांव में शुक्रवार शाम एक सनकी पति ने खेत में अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या करने के बाद खुद पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लाल साहब यादव ने शनिवार को बताया, “शुक्रवार शाम चंद्रपाल प्रजापति (45) ने खेत में बकरियां चरा रही अपनी पत्नी रामकुंअर (42) की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी और उसके बाद घटनास्थल से कुछ दूर खेत की मेड़ पर खड़े बेरी के पेड़ में फांसी का फंदा लगाकर खुद भी आत्महत्या कर ली।”
ग्रामीणों के हवाले से एएसपी ने बताया, “चंद्रपाल अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। दोनों के बीच इसी को लेकर अक्सर विवाद हुआ करता था। हत्या के पूर्व भी खेत में दोनों के बीच पहले विवाद हुआ था और फिर बाद में उसने अपनी पत्नी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।”
उन्होंने बताया, “पोस्टमॉर्टम कराने के बाद दोनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।”
dharmpath.com dharmpath