उप्र : कैराना मुद्दे को लेकर संगीत सोम की ‘निर्भय यात्रा’ शुक्रवार से

लखनऊ/कैराना, 16 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में समाप्त हुई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कैराना व मथुरा हिंसा का मुद्दा जोरशोर से उठाया गया था। वहीं सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम सरधना से कैराना तक 40 किलोमीटर की पदयात्रा शुक्रवार को निकालेंगे, जिससे पश्चिमी उप्र में सियासी उबाल आने की संभावना है।

सरधना विधानसभा से भाजपा विधायक संगीत सोम ने आईएएनएस से विशेष बातचीत के दौरान इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सरधना कैंप कार्यालय से लेकर कैराना तक 40 किलोमीटर लंबी पदयात्रा कल (शुक्रवार) निकलेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों के बीच संदेश देना है कि वे बिना डर के रहें।

उन्होंने बताया कि हिंदू समाज यहां से पलायन को मजबूर है। उप्र सरकार संविधान विरोधी ताकतों को संरक्षण देने का काम कर रही है।

सोम ने कहा कि कैराना के पलायन एवं पीड़ितों की निष्पक्ष जांच नही होती है तो उप्र के हर जिले में पदयात्राएं निकाली जाएंगी।

सोम ने कहा कि जांच में यह पुष्टि हो गई है कि इखलाक के घर में गोमांस ही था। उसके बाद भी सरकार आरोपियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठा रही है, जिसके चलते यह यात्रा निकाली जा रही है।

विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना के नेतृत्व में बुधवार को एक जांच दल कैराना गया था। इस दल ने कैराना से हिंदुओं के पलायन मुद्दे को लेकर लोगों से मुलाकात की थी।

इसके बाद सुरेश खन्ना ने बताया कि वास्तव में कैराना से हिंदुओं का पलायन हुआ है। कैराना से सांसद हुकुम सिंह ने जो 346 लोगों की सूची दी थी, स्थिति उससे अधिक भयावह है। इसकी जांच होनी चाहिए।

गौरतलब है कि स्थानीय लोगों ने भाजपा जांच दल का विरोध भी किया था। लोगों का कहना था कि यहां ऐसी कोई समस्या नहीं है। हिंदू व मुसलमान एक साथ भाई-चारे के साथ वर्षो से रहते आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा यहां का माहौल खराब करना चाहती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493