लखनऊ , 22 जनवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। दोनों दलों के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा यहां रविवार को की गई। गठबंधन के तहत सपा 298 सीटों पर और कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
यहां ताज होटल में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने इसकी घोषणा की।
नरेश उत्तम ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा, “देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए और जनता की खुशहाली के लिए सपा हमेशा से संघर्ष करती रही है। लोकतांत्रिक मूल्यों एवं समाजवादी व्यवस्था को कायम रखने के लिए ही इस गठबंधन की नींव रखी गई है।”
उत्तम ने कहा, “गठबंधन के तहत तय हुआ है कि सपा 298 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस 105 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।” उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि चुनाव के दौरान गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने का काम करें।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजब्बर ने कहा, “देश की जो अवस्था है और प्रदेश में जिस तरह का माहौल है, उससे देखते हुए यह गठबंधन बनाया गया है। यह गठबंधन दो युवा नेताओं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की बुनियाद पर खड़ा हुआ है।”
उन्होंने कहा, “यह गठबंधन आने वाले चुनाव में भाजपा की ध्रुवीकरण की राजनीति और बसपा की जातिवादी राजनीति को उखाड़ फेंकने का काम करेगा। यह गठबंधन विघटनकारी ताकतों को कमजोर करने का भी काम करेगा।”
dharmpath.com dharmpath