लखनऊ , 11 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत 15 जिलों की 73 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार शाम पांच बजे मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। प्रथम चरण में लगभग 64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने कहा कि प्रथम चरण में 73 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। उन्होंने कहा, “प्रथम चरण में औसतन 63-64 फीसदी मतदान हुआ है। अभी कई जगहों से मतदान के आंकड़े नहीं मिले हैं। हर जिले से जानकारी आने के बाद अंतिम आंकड़ा पेश किया जाएगा।”
वेंकटेश ने कहा कि आगरा जिले की फतेहाबाद विधानसभा सीट पर सर्वाधिक 71.8 प्रतिशत मतदान हुआ। सरधना, सिवाल खास सीटों पर भी मतदान का प्रतिशत 70 फीसदी दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा, “गौतम बुद्ध नगर में अभी तक सबसे कम 51 प्रतिशत और साहिबाबाद में 52 प्रतिशत मतदान की सूचना मिली है। शाम पांच बजे के बाद भी लोग कतारों में लगे थे। मतदान का अंतिम आंकड़ा देर रात तक आने की उम्मीद है।”
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव के दौरान इन 73 सीटों में से सपा को 24, बसपा को 23, भाजपा को 12, राष्ट्रीय लोकदल को नौ और कांग्रेस को पांच सीटों पर जीत मिली थी।
dharmpath.com dharmpath