पुलिस के अनुसार, जिले के बल्दीराय थानाक्षेत्र के पारागनापुर गांव में जमीनी रंजिश को लेकर गांव के ही विद्याप्रसाद तिवारी और रामराज मिश्रा के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों ने दीवानी न्यायालय में मुकदमा भी कर रखा है।
बताया जा रहा है कि गत दिनों पहले उसी विवादित जमीन पर रामराज मिश्रा निर्माण कार्य करवा रहे थे, जिसे पुलिस ने रुकवा दिया था। इसी बीच रविवार की रात रामराज मिश्रा अपने कुछ साथियों के साथ विद्याप्रसाद तिवारी के घर पहुंचे और लाठी डंडों और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमले में विद्याप्रसाद तिवारी और उनके घर के करीब आठ लोग बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। इस दौरान विद्याप्रसाद तिवारी और उनके भाई की पत्नी ऊषा तिवारी की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अस्पताल में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि घटना जघन्य है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath