उप्र : जमीन बंटवारे में पिता की लाठी से पीट कर हत्या

बांदा, 15 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के बक्छा गांव में गुरुवार को जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने लाठी से पीटकर अपने बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी और परिवार के तीन अन्य सदस्यों को घायल कर दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल ने शुक्रवार को कहा, “बक्छा गांव में गुरुवार को जमीन बंटवारे को लेकर देवराज और उसके बुजुर्ग पिता धनपत यादव (68) व भाई राममूरत के बीच विवाद हो गया। इसी बीच देवराज ने पहले लाठी से अपने बुजुर्ग पिता पर हमला किया, और उसके बाद पिता को बचाने पहुंचे भाई राममूरत और परिवार के दो अन्य सदस्यों को भी देवराज ने घायल कर दिया।”

उन्होंने बताया, “बुजुर्ग धनपत की मौके पर मौत हो गई है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और तीनों घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

एएसपी ने बताया, “देवराज का एक और भाई रामराज था। जिसकी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। उसके पत्नी और एक बेटी है। देवराज चाहता था कि पैतृक जमीन में मृत भाई की पत्नी को हिस्सा न मिले। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि देवराज आपा खो बैठा। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493