जालौन, 9 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को तैर कर नहर पार करते समय एक किसान पानी के तेज बहाव में बह गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे ढूंढने के लिए गोताखोरों को नहर में उतारा और काफी देर बाद उसका शव बाहर निकाला गया।
माधौगढ़ के पुलिस क्षेत्राधिकारी गिरीश कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि सुल्तानपुरा गांव का 48 वर्षीय किसान अशोक कुमार मंगलवार को अपने गन्ने की फसल देख कर खेत से घर वापस आने के लिए पुल के अभाव में तैर कर नहर पार कर रहा था। उसी समय अचानक नहर में पानी का बहाव तेज हो गया जिसके चलते वह उसकी धारा में बह गया।
उन्होंने कहा, “आसपास मौजूद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और उसके परिजन वहां पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसके शव को बाहर निकाला जा सका।”
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर किसान के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath