उप्र: दलित बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के बाद तनाव, गांव में पुलिस तैनात

बांदा, 12 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र के मसुरी गांव में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि को दो शराबी युवकों द्वारा चार वर्ष की एक दलित बच्ची का अपहरण कर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद से गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। अधिकारियों ने तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

ग्राम प्रधान राजा सिंह यादव ने गुरुवार को बताया कि “गांव में स्थिति अभी भी संवेदनशील है। ग्रामीणों का आक्रोश अभी शांत नहीं हुआ है।”

उन्होंने बताया, “आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों के घरों में दो बार आग लगाने की कोशिश कर चुके हैं।”

पुलिस क्षेत्राधिकारी नरैनी ओमप्रकाश ने बताया, “गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए बुधवार से ही भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।”

मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि शराब के नशे में गांव के दो युवकों ने घर के बाहर सो रही चार साल की एक दलित बच्ची का अपहरण कर उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों आरोपियों लल्लू माली (26) और नत्थू शर्मा (30) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बेहोश बच्ची को मुक्त करा लिया था। इस समय बच्ची का इलाज कानपुर के हैलेट अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493