उप्र : दुष्कर्म का विरोध करने पर महिला को अधमरा किया

बांदा, 30 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर जुल्म थमने का नाम नहीं ले रहा है। संन्यासी मुख्यमंत्री के राज में भी महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। ताजा मामला बांदा जिले के जसपुरा थाने के रामपुर गांव का है, जहां घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश का विरोध करने पर एक महिला को लाठियों से पीटकर अधमरा कर दिया गया। योगी की बेरहम पुलिस ने मुकदमा भी नहीं दर्ज किया।

घटना सोमवार शाम की बताई गई है। पुलिस थाने में कोई सुनवाई न होने पर पीड़ित परिवार के आधा दर्जन सदस्य मंगलवार को जिले के कई आला अधिकारियों और मीडियाकर्मियों को अपनी शिकायत दे न्याय की फरियाद की है।

पीड़ित परिवार के मुखिया जमालुद्दीन ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसके पड़ोस का एक व्यक्ति उसके घर में घुसकर 35 साल की महिला से दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर महिला को लाठी से पीट कर अधमरा कर दिया। जब इसका उलहना आरोपी के घर देने गए, तो उसके परिवार के करीब आधा दर्जन लोगों ने घर पर दोबारा चढ़ाई कर दी।

उसने बताया, “जसपुरा पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही और आपसी समझौते का दबाव बना रही है।”

इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया, “घटना संज्ञान में आई है, मामले की जांच कराई जा रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट करने का सामने आया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493