बघौली थाना क्षेत्र के गोंडा राव गांव के पास रोहापारा के निवासी कमलेश अपने भाई झबुले उर्फ विवेक व पुत्तूलाल के साथ सोमवार की सुबह पेशी पर हरदोई जा रहा था। इसी बीच पुरानी रंजिश को लेकर पहले से ही गांव के सुशील, अरुण मंगू, पप्पू और प्रेम घात लगाए बैठे थे। जैसे ही कमलेश अपने भाइयों के साथ हरदोई आने के लिए मैजिक पर बैठ रहा था, इसी बीच चारों निकल कर आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे, जिससे झबुले की घटनास्थल पर ही गोली लगने से मौत हो गई।
घटना को देखकर पुत्तूलाल दूसरी तरफ भागा, जहां 50 मीटर दूरी पर चार लोग और तमंचा लिए बैठे थे। इन लोगों ने पुत्तूलाल को भी दौड़ा कर गोली मार दी। कमलेश किसी तरह भाग निकला। इसी बीच गोली की आवाज सुनकर भीड़ इकट्ठा हो गई। सभी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस बात की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, वैसे ही आनन फानन में पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। पुत्तूलाल की हालत गंभीर थी, वहीं जिला अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एसपी ने बताया कि इस मामले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए बघौली थानाध्यक्ष जावेद के साथ अतरौली थानाध्यक्ष संजय मौर्य की टीम को एएसपी पूर्वी बी.सी. दूबे के नेतृत्व में लगाया गया था। मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार, चार लोगों को उमरापुर नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
इनमें सुशील कुमार, मंगू उर्फ जमुना प्रसाद, प्रेम कुमार पांडेय व झल्लू उर्फ देवीचरण शामिल है। सभी को जेल भेजा जा रहा है। बताया गया कि एक अभियुक्त फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। इस दौरान एएसपी भी मौजूद थे।
एसपी ने बताया कि कुछ समय पहले दोनों पक्षों में मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें गोली चलने से सुशील का भाई दीपू घायल हुआ हो गया था। जो की आज भी विकलांगता का जीवन जी रहा है। उसकी दशा देखकर सुशील के मन में भाई की दशा का बदला लेने का प्रतिशोध उपजा, जिसकी वजह से उसने घटना को अंजाम दिया। सुशील लखनऊ में रहकर वाहन चलाता है। उसको पता था कि ये लोग पेशी पर जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath