सहायक पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बुधवार को बताया, “बीती 28 जुलाई को बलैनी क्षेत्र के पुरामहादेव गांव में जमीनी रंजिश के चलते देवर आदेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी भाभी बबीता और उसकी मां कृष्णा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने आदेश सहित आधा दर्जन लोगों को नामजद किया था, जिनकी तलाश पुलिस कर रही थी।”
उन्होंने बताया, “मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोहरा हत्याकांड का आरोपी आदेश अपने साथियों के साथ मवीकला के जंगल में छिपा था, जिस पर पुलिस ने जंगल में दबिश दी। पुलिस की आहट पाकर बदमाशें ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से हुई फायरिंग में आदेश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके साथ पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों शारुख और पिंटू उर्फ विकास को गिरफ्तार किया।”
एएसपी ने बताया कि आदेश ने कबूला कि एक साल पहले जमीन के लालच में उसने ही सगे भाई की हत्या की और फिर 28 जुलाई को भाभी व उसकी मां की भी गोली मार हत्या कर दी थी। बदमाशों के कब्जे से चार तमंचे 315 बोर, चार खोखा, चार जीवित कारतूस बरामद हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath