लखनऊ, 4 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी के ठाकुरगंज थानाक्षेत्र में पुलिस ने इलाके के आजादनगर और बरौरा में छापेमारी कर नकली पान मसाला बनाने की दो अवैध फैक्ट्री को सील कर दिया है। कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार करके दो मशीनों को जब्त कर लिया गया है।
इलाके में नौ और अवैध फैक्ट्रियों की जानकारी पुलिस को मिली है, जिन्हें चिह्न्ति करके उन पर भी कार्रवाई करने की तैयारी है।
पुलिस ने बताया कि ठाकुरगंज इलाके में दो जगहों पर नकली पान मसाला बनाने की फैक्ट्री की सूचना मिली थी। इस पर सोमवार को वहां छापा मारा गया। दोनों ही जगहों पर कमला पसंद और रायल नाम के पान मसालों का नकली माल भारी मात्रा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों ही जगहों से बरामद नकली पान मसाला और मशीनों को जब्त कर अवैध फैक्ट्रियों को सील कर दिया।
ठाकुरगंज के थाना प्रभारी समर बहादुर यादव ने बताया कि असली कमला पसंद और रायल पान मसाला की कंपनियों के मालिकों को थाने पर बुलाया गया।
उन्होंने पुलिस को बताया कि ना ही बरामद माल उनका है और न ही फैक्ट्रियां उनकी हैं। उन लोगों ने बताया कि एक फैक्ट्री को चलाने पर एक महीने में सरकार को बतौर राजस्व 12 लाख रुपये देने पड़ते हैं।
इन नकली पान मसाला बनाने वाली अवैध फैक्ट्रियों से न सिर्फ असली फैक्ट्री मालिकों को नुकसान हो रहा था, राज्य सरकार को भी राजस्व की हानि हो रही थी।
उन्होंने बताया कि अन्य अवैध फैक्ट्रियों को भी चिह्न्ति कर कार्रवाई की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath