उप्र : नाबालिग भाइयों ने 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या की

लखीमपुर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिला में दो नाबालिग भाइयों ने छह वर्षीय एक बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

कक्षा एक में पढ़ने वाली बच्ची मंगलवार दोपहर को लापता हो गई थी। उसे अंतिम बार आरोपियों के घर के पास खेलते हुए देखा गया था। बच्ची जब घर नहीं लौटी तो उसके परिवार ने उसे ढूंडने की कोशिश की और बाद में पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी शुरू कर दी।

खीरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पूनम ने कहा कि तलाशी अभियान रात भर चला।

बच्ची का शव बुधवार को तब मिला जब आरोपियों की मां ने पुलिस के सामने कबूल किया कि जब उसे पता चला कि उसके बेटों ने बच्ची की गला घोंट कर हत्या कर दी है तो उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने बेटों की मदद की।

फूलबेहद पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस अधिकारी (एसएचओ) श्याम नरायन सिंह ने कहा, “बच्ची का शव आरोपियों के घर से लगभग 200 मीटर दूर मिला। आरोपियों ने हमें बताया कि उन्हें टॉफी का लालच देकर लड़की को घर पर बुलाया था।”

दोनों आरोपी पढ़ाई छोड़ चुके हैं और उनकी उम्र 15 और 12 वर्ष है। उनके परिजन मजदूर हैं। आरोपियों ने बच्ची से दुष्कर्म करने की बात कबूल की है।

पुलिस ने दोनों भाइयों तथा उनकी मां को हिरासत में ले लिया है और तीनों के खिलाफ हत्या तथा सबूत छिपाने तथा पोक्सो के तहत मामला दर्ज किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493