लखनऊ, 14 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है।
मामले में पीड़िता की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसका सरकारी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह यादव ने गुरुवार को कहा कि पनवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 साल की लड़की मंगलवार को अपने परिजनों के साथ खेत में काम करने गई थी।
उन्होंने कहा कि लड़की जब शाम को खेत से अकेले वापस घर लौट रही थी, इसी दौरान चार युवकों ने उसे रास्ते से अगवाकर सूनसान जगह पर ले गए और वहां कथित रूप से उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
उन्होंने कहा, “परिजन लड़की की तलाश कर ही रहे थे कि करीब दस बजे रात में युवकों के चंगुल से छूट कर लड़की अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।”
थानाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने कहा, “बुधवार को परिजनों ने थाने आकर कौशल किशोर व पुष्पेंद्र राजपूत, अंकित और केश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों के साथ दूसरे ग्रामीण भी थे।”
उन्होंने बताया कि चारों युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा-363, 366 (अपहरण), 376 डी (सामूहिक बलात्कार), 506 (जान से मारने की धमकी) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लड़की की हालत बेहद नाजुक होने पर पनवाड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर करवा कर इलाज के लिए महोबा जिले की सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
dharmpath.com dharmpath