उप्र : निकाय चुनाव के लिए भाजपा का संकल्पपत्र जारी (फोटो सहित)

खास बात यह कि भाजपा के संकल्पपत्र को जारी करने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के साथ सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना को भी भाजपा के प्रदेश मुख्यालय आना पड़ा। सभी ने संयुक्त रूप से संकल्पपत्र को जारी करते हुए निकाय चुनाव के लिए भाजपा के द्वारा लिए गये संकल्पों को गिनाया।

भाजपा ने अपने इस सकंल्पपत्र के माध्यम से प्रदेश के विकास के लिए 28 बिंदुओं का संकल्प लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय ने कहा कि भाजपा केवल महापौर, अध्यक्ष या पार्षद बनाने के लिए चुनाव नहीं लड़ती है, बल्कि जनसेवा की प्राथमिकता लेकर चुनाव में उतरी है। 4 करोड़ 8 लाख मतदाताओं वाले नगर निकाय चुनाव में विजय हासिल कर केंद्र, राज्य और नगरीय सरकार मिलकर नागरिकों का जीवन विश्वस्तरीय सुविधा संपन्न बनाने का लक्ष्य है। स्वच्छता, पेयजल, पर्यावरण, स्ट्रीट लाइट हमारी विशेष प्राथमिकताएं होगी।

उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में 12 की जगह 16 नगर निगमों और 652 नगर निकायों पर चुनाव हो रहे हैं। केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से अर्धशासकीय निकायों के माध्यम से नागरिकों का जीवन बेहतर बनाएंगे।

डॉ. पांडेय ने कहा कि पिछली सरकार ने जनता को हर तरह से तरसाया। लोगों तक बुनियादी सुविधाएं तक नहीं पहुंचने दीं। नगरीय निकायों में जहां भाजपा के महापौर, अध्यक्ष व पार्षद थे, वहां पिछली सरकार ने उनको काम नहीं करने दिया। भाजपा के महापौरों, अध्यक्षों, पार्षदों ने नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं और विकास कार्य प्रदान करने के लिए बहुत मेहनत की, लेकिन सरकार ने उनके इस कार्य में हर स्थान पर बाधा पहुंचाने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में नगर विकास विभाग ऐसे व्यक्ति के पास था, जो हमेशा जनता और देश के खिलाफ ही रहे। उनके विभाग में हर काम उल्टा ही होता था।

टिकट वितरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में करीब 12 हजार पदों के लिए निर्वाचन होना है। भाजपा ने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता पर रखते हुए टिकट वितरण किए हैं। टिकट वितरण से कार्यकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हैं और पूरी ऊर्जा से भाजपा को चुनाव जिताने में जुट गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493