पटना, 12 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में आई बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मदद देने वालों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बिहार मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच करोड़ रुपये का अंशदान दिया है।
एक अधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के कार्यालय कक्ष में उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए पांच करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपा।
नीतीश ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करने के लिए उत्तर प्रदेश् सरकार को धन्यवाद दिया तथा उत्तर प्रदेश सरकार के इस सामाजिक पहल की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “विपदा के समय सभी को अपनी संवेदनशीलता प्रदर्शित करनी चाहिए और पीड़ितों की सेवा में बढ़-चढ़कर हाथ बंटाना चाहिए।”
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव तथा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व गुजरात, छत्तीसगढ़ और झारखंड की सरकार ने भी बिहार पीड़ितों की मदद के लिए बिहार सरकार को पांच-पांच करोड़ रुपये की मदद भेज चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath