उप्र : पारदी गैंग के 7 सदस्य गिरफ्तार

एसटीएफ की फील्ड इकाई इलाहाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीन सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान गैंग के सरगना सलमान सिंह, प्रीत कुमार उर्फ पिक्कू, राकेश, बहादुर, मजनू व इंद्रेश और संतोष के रूप में हुई है।

एडीशनल एसपी ने बुधवार को बताया, “खबर मिली थी कि पूर्वी उप्र के इलाहाबाद, चित्रकूट़, बांदा, मिर्जापुर, कौशांबी व उसके आसपास के जनपदों में डकैती, लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला मोगिया (पारदी) गैंग जनपद में सक्रिय है। इस पर टीम ने अपनी जांच शुरू कर दी। इस बीच मंगलवार को सूचना मिली कि पारदी गैंग के सदस्य शंकरगढ़ बाजार के कपूरी मोड़ के पास किसी घटना को अंजाम देने आने वाले हैं।”

उन्होंने कहा कि टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी और कुछ देर में तीन बाइक पर आए सातों सदस्यों को बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से दो तमंचा 315 बोर, दो कारतूस, तीन मोबाइल फोन, चोरी की बाइक सहित तीन मोटरसाइकिल, 35600 रुपये और कई प्रमाण पत्र बरामद हुए हैं।

पूछताछ पर गैंग सरगना सलमान सिंह ने बताया, “वे लोग मोंगिया पारदी जाति के हैं और मूलरूप से मध्य प्रदेश के विदिशा जनपद के सिरोंज क्षेत्र के रहने वाले हैं, परंतु उनके पूर्वज उप्र के ललितपुर के सिंगेपुर क्षेत्र में आकर बस गए थे। वे लोग अलग-अलग उप्र के बांदा, चित्रकूट, हमीरपूर, महोबा, इलाहाबाद, मिर्जापुर, भदोही, कौशांबी तथा वाराणसी सहित अन्य राज्यों में स्थान बदल-बदल कर सुनसान स्थानों पर टेंट लगाकर रहते हैं। फिर भीड़-भाड़ वाले रेलवे स्टेशन, बजार, मंडी तथा बैंको में समूह बना कर रेकी करते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं।”

एडीशनल एसपी ने बताया कि गिरोह चोरी, लूट, छिनौती को अंजाम देने के लिए बकायदा 10 से 12 वर्ष के बच्चों को ट्रेनिंग देता है। गिरोह ने पूछताछ में कई बड़ी लूट की वारदातों को स्वीकार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना शंकरगढ़ में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493