मोर्चा सदस्यों ने कहा कि छोटे राज्यों की पक्षधर केंद्र में बैठी मोदी सरकार को दो वर्ष पूरे हो चुके है, लेकिन अभी तक उसका इस ओर ध्यान नहीं गया, जिस कारण बुंदेलखंड राज्य बनाने की मांग को लेकर मोर्चा ने यह कदम उठाया है।
इससे पहले मोर्चे के अध्यक्ष भानू सहाय के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता झांसी के कचहरी चौराहे पर पहुंचे, जहां उन्होंने पुतला दहन किया।
इस दौरान भानू सहाय ने कहा कि पिछले कई सालों से बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा समेत कई संगठनों ने आंदोलन किया था। इसके बाद भी इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री उमा भारती और गृहमंत्री राजनाथ सिंह व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुंदेलखंड की जनता से जीतने के बाद छह माह में राज्य बनाने का वादा किया था। लेकिन ऐसा नही हुआ है। छह माह तो छोड़े, बल्कि केंद्र में बैठी मोदी सरकार को अब तक दो वर्ष बीत चुके हैं। इसके बाद भी इस मांग पर गौर नहीं किया गया।”
उन्होंने कहा कि आखिर उमा भारती और मोदी सरकार बुंदेलखंड के साथ इस प्रकार का छलावा क्यों कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक बुंदेलखंड राज्य की मांग पूरी नहीं होती, तब तक इसी प्रकार आंदोलन चलते रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath