उप्र : प्रशिक्षु शिक्षकों का धरना तीसरे दिन जारी

लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राइमरी स्कूलों में सहायक अध्यापक पद पर मौलिक नियुक्ति की मांग को लेकर प्रशिक्षु शिक्षक बड़ी संख्या में लगातार तीसरे दिन बुधवार को लखनऊ में शिक्षा निदेशालय के बाहर धरने पर डटे रहे।

प्रशिक्षु शिक्षकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे। बुधवार उनके धरने का लगातार तीसरा दिन था। वे सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं।

नवंबर 2011 से नौकरी के लिए संघर्ष कर रहे प्रशिक्षुओं का कहना है कि जब तक मौलिक नियुक्ति का आदेश नहीं हो जाता, तब तक धरने से नहीं उठेंगे।

टीईटी संघर्ष मोर्चा के नेता मोहम्मद अली ने बताया कि प्रशिक्षु शिक्षकों में गजब का उत्साह है और आज करीब 5000 से भी ज्यादा प्रशिक्षु शिक्षक मौजूद हैं। लगातार लोगों के आने का सिलसिला जारी है।

गौरतलब है कि छह महीने का प्रशिक्षण पूरा कर चुके प्रशिक्षुओं की परीक्षा 24 व 25 अगस्त को कराई गई थी। उसका परिणाम परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने 21 सितम्बर को जारी कर दिया।

परीक्षा में सफल 43 हजार से अधिक प्रशिक्षुओं का कहना है कि उन्हें मौलिक नियुक्ति दी जाए। 21 सितम्बर को अंतिम परिणाम जारी होने के बाद से वे इलाहाबाद से लेकर लखनऊ तक चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493