शाहजहांपुर, 4 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सिंधौली थाना क्षेत्र के लखराम गांव में अपनी कथित प्रेमिका से मिलने उसके घर गए एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में लड़की के परिवार के दो सदस्यों को हिरासत में लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को यह जानकारी दी।
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक के.बी. सिंह ने फोन पर मृतक की बहन की ओर से थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के हवाले से बताया कि बंड़ा विकास खंड कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी के पद पर तैनात यश कुमार (24) की बहन की शादी लखराम गांव में हुई है, जिसके चलते उसका यहां अक्सर आना-जाना था। इसी बीच कथित तौर पर एक लड़की से उसके प्रेम संबंध हो गए थे।
उन्होंने बताया, “गुरुवार की रात यश कुमार अपनी कथित प्रेमिका के बुलावे पर उससे मिलने उसके घर गया था, जहां लड़की के परिजनों ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंक दिया। पुलिस ने मृतक का शव शुक्रवार की सुबह बरामद किया।”
अधीक्षक ने बताया, “सिंधौली पुलिस ने शनिवार की सुबह नामजद छह आरोपियों में से दो परिजनों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ जारी है।”
dharmpath.com dharmpath