उप्र : फतेहपुर में सराफा व्यापारी की हत्या, लाखों की लूट

लखनऊ, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की पुलिस अपराधियों पर लगाम नहीं लगा पा रही। थरियांव थाना के जयसिंहपुर गांव में बुधवार की रात हुई बीडीसी उम्मीदवार के पति की हत्या का खुलासा भी नहीं हो पाया था कि शुक्रवार सुबह बकेवर थाना के लोकइया खेड़ा गांव के पास दिनदहाड़े एक सरार्फा व्यवसायी युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद बोलेरो सवार चार बदमाश लाखों रुपये के जेवरात लूट कर फरार हो गए।

घटना के बारे में बताया गया कि रोजाना की भांति जहानाबाद कस्बे का रहने वाला सरार्फा व्यवसायी युवक आशुतोष शुक्ला (30) अपने परिवारिक चाचा श्यामसुंदर के साथ निजी अल्टो कार से देवमई कस्बे अपनी दुकान सुबह करीब नौ बजे जा रहा था। बकेवर कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर लोकइया खेड़ा गांव के पास उसकी कार को ओवरटेक कर बोलेरो सवार चार बदमाशों ने सराफा व्यवसायी की गोली मार कर हत्या कर दी और श्यामसुंदर को घायल कर करीब 14 किलोग्राम चांदी व 500 ग्राम सोने के जेवरात के अलावा 35 हजार रुपये नकदी लूट कर फरार हो गए।

घायल श्यामसुंदर ने पुलिस को बताया कि बदमाश बकेवर थाने के मुख्य गेट के पास से ही उनकी कार का पीछा कर रहे थे और लोकइया खेड़ा गांव के पास सूनसान जगह पर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद बदमाश बोलेरो जीप लेकर पहले एक किलोमीटर दूर बैठका चौरहा तक गए, फिर वापस बकेवर की ओर चले गए हैं।

दिनदहाड़े हुई हत्या और लूट से आक्रोशित लोगों ने बकेवर थाने के पास दो घंटे तक जाम लगाए रहे, भीड़ पुलिस पर बदमाशों से मिले होने का आरोप लगा रही थी। बाद में पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई करने का आश्वासन मिलने पर जाम खुल सका।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक राजीव मेहरोत्रा ने आईएएनएस को बताया, “मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बदमाशों की टोह में सीओ की अगुआई में पुलिस की तीन टीमें गठित कर चारों तरफ नाकाबंदी की गई है।”

उल्लेखनीय है कि दशहरे के दिन मंड़वा गांव में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी को हटा कर जिले की कमान मेहरोत्रा को सौंपी है, लेकिन वह भी अपराधियों पर लगाम लगाने में असफल हो रहे हैं।

गुरुवार को थरियांव थाने के जयसिंहपुर गांव में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) का चुनाव लड़ रही नीलम यादव के पति वीरन यादव (30) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493