उप्र : बंटू यादव पर हमला मामला में पुलिस खुलासे के करीब

लखनऊ , 2 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के सभासद अतुल यादव उर्फ बंटू यादव को रविवार सुबह गोली मारने के मामले में पुलिस हिस्ट्रीशीटर अपराधी शिव यादव की तलाश कर रही है। पुलिस खुलासे के बेहद नजदीक है। इस बीच ट्रामा सेंटर में भर्ती बंटू की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है।

राजधानी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो उसमें कुछ सुराग हाथ लगे, जिस पर पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। सहमे लोगों को पुलिस ने सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने शिव यादव का नाम लिया।

पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने उसे गोली मारते देखा था। लोगों के बयान के बाद ही पुलिस ने अब शिव यादव को पकड़ने की कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का मानना है कि मामले में अब केवल आरोपी की गिरतारी ही बची है।

गौरतलब है कि रविवार को बंटू नरही निवासी अपने दोस्त अनिल यादव की मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। वह अर्थी को कंधा दे रहे थे कि अचानक आरोपियों ने उनके सिर में गोली मार दी।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल के सामने विवादित अपार्टमेंट है, जो नाले पर बनाया जा रहा है। इस निर्माण को लेकर शिव यादव और बंटू के बीच विवाद चल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493