जाफरगंज थाना क्षेत्र के हबीबपुर हबीबपुर गांव निवासी जलील के बेटे इरफान की शादी 2012 में मामा इस्माइल की साली शाहीन के साथ हुई थी। चार साल बाद पति-पत्नी के बीच मनमुटाव हो गया था। दोनों के बीच मुकदमा भी चल रहा है। इसी बात को लेकर इस्माइल अपने भांजे से खुन्नस रखता था।
रविवार सुबह इस्माइल और भांजा इरफान के बीच कहासुनी हो गई। इस्माइल का कहना था कि ‘पांच बीघा खेत व तीन लाख रुपये अगर दोगे तो सुलह कर लिया जाएगा, नहीं तो सुलह नहीं होगा।’ इरफान ने शर्त मानने से इनकार कर दिया, तब दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई।
इसी बीच इरफान की मां राबिया बाहर आ गई। इसके बाद भाई-बहन के बीच बहस होने लगी। इसी दौरान भाई इस्माइल ने चाकू निकालकर बहन राबिया पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। राबिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचा भांजा इरफान पर भी इस्माइल ने चाकू से कई वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद इस्माइल व उसका परिवार घर में ताला लगाकर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक राहुल राज सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के साथ हत्यारे को जेल भेजने के निर्देश दिए।
घायल इरफान को बिंदकी सीएचसी ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने राबिया के शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया।
dharmpath.com dharmpath