उप्र : बाराबंकी मामले पर भाजपा ने बनाई राष्ट्रीय जांच समिति

लखनऊ /कानपुर, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के कोठी थाने के अंदर एक महिला को जिंदा जला दिए जाने के मामले की जांच के लिए एक राष्ट्रीय जांच समिति बनाए जाने की घोषणा की। शाह ने कहा कि बिहार से सांसद अश्वनी चौबे, सांसद एम.जे. अकबर, अर्जुन मेघवाल तथा मीनाक्षी लेखी समिति की सदस्य होंगी।

शाह ने कानपुर में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दो-तीन पार्टियों में ही आंतरिक लोकतंत्र है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी एक प्रमुख दल है।

उन्होंने कहा कि अन्य दलों में या तो राजघरानों के लोग अध्यक्ष बनते हैं या कुछ लोगों के परिवार की पार्टियां हैं। भाजपा ही एक ऐसा दल है, जहां बूथ से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव होता है।

शाह ने उप्र के सभी प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों, सांसदों और कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि उप्र में ऐसा संगठन तैयार करें जो अगले 25 वर्षो तक सत्ता में काबिज रहे।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के प्रथम चरण में डिजिटल सदस्यता के माध्यम से 1 करोड़ 86 लाख लोगों को पार्टी का सदस्य बनाया गया। दूसरे चरण में महासंपर्क अभियान के माध्यम से सभी से व्यतिगत संपर्क किया जाएगा। तीसरे चरण के तहत अगस्त से सभी कार्यकर्ताओं को प्रक्षिशित किया जाएगा।

इस बीच समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जब यह पूछा गया कि क्या मध्य प्रदेश में हुए व्यापमं घोटाले की जांच के लिए भी पार्टी इसी तरह राष्ट्रीय समिति गठित करेगी? सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा, “मध्य प्रदेश के बारे में तो हम रोज बात करते हैं। आज हम उप्र में हैं तो आइए यहां की बात कर लेते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493