उप्र : बिजनौर कांड में 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 5 गिरफ्तार

लखनऊ, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में दो समुदायों के बीच शुक्रवार को हुए संघर्ष के बाद पुलिस ने अब तक एक पक्ष के 24 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही बिजनौर कांड के मुख्य आरोपी संसार सिंह की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

कोतवाली (शहर) थाना के प्रभारी ऋषिराम कठेरिया ने बताया कि किसी भी हाल में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्य आरोपी संसार सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस की तलाश जारी है।

कठेरिया ने बताया कि इस मामले में अब 24 के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दलजित सिंह चौधरी ने घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है और अग्रिम कार्रवाई कर रही है। जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी बिजनौर की घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने घटना में हुई मौतों पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये तथा घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

उन्होंने अधिकारियों को घायलों के मुकम्मल इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिएा हैं।

मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद के मंडलायुक्त को निर्देशित किया है कि इस घटना में पीड़ित लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

गौरतलब है कि शुक्रवार को बिजनौर में पैदा गांव के भीतर कुछ छात्राओं से छेड़छाड़ के बाद अचानक दो समुदाय में झड़प हुई। इस घटना में एक समुदाय के तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

हालांकि सूत्रों के मुताबिक, पांच लोगों की मौत होने की बात सामने आई है।

पूरी घटना का संज्ञान में लेते हुए शासन ने तत्काल गृह विभाग के विशेष सचिव मणी प्रसाद और अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था दलजित सिंह चौधरी को मौके पर भेजा।

आला अधिकारियों की जनपद में मौजूदगी से पुलिस की सक्रियता बढ़ गई। देर रात तक कोतवाली शहर थाने में एक पक्ष के 24 लोगों को नामजद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493