उप्र : बेनी प्रसाद वर्मा व अमर सिंह को सपा भेजेगी राज्यसभा

लखनऊ़, 17 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने एक बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ नेताओं के विरोध को दरकिनार करते हुए उन्होंने राज्यसभा के लिए बेनी प्रसाद वर्मा व अमर सिंह के नाम पर मुहर लगा दी है।

सपा के उप्र प्रभारी शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए इनके नामों की घोषणा की। इसके साथ ही विधान परिषद के लिए भी नामों की भी घोषणा कर दी गई।

राज्यसभा जाने वालों में अन्य पांच संजय सेठ, सुखराम सिंह यादव, रेवती रमण सिंह, विशम्भर प्रसाद निषाद व अरविंद प्रताप सिंह शामिल हैं।

मंगलवार दोपहर पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई सपा की संसदीय दल की बैठक में इस पर निर्णय लिया गया।

अभी कुछ दिनों पहले ही बेनी प्रसाद वर्मा ने कांग्रेस छोड़कर सपा की सदस्यता ग्रहण की है। उनकी सपा में वापसी के बाद कयास लगाया जा रहा था कि उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है।

वहीं, सपा के पूर्व महासचिव अमर सिंह से मुलायम की फिर से बढ़ती नजदीकी के बाद अमर का नाम भी राज्यसभा के लिए तय माना जा रहा था।

गौरतलब है कि सपा के ही वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव व कद्दावर मंत्री आजम खां के विरोध के बावजूद मुलायम सिंह ने अमर सिंह को राज्यसभा भेजे जाने पर अपनी मुहर लगा दी।

राज्यसभा के अलावा विधान परिषद के लिए सपा ने बलराम यादव, शतरुद्र प्रसाद, यशवंत सिंह, बुक्कल नवाब, राम सुंदर दास निषाद, जगजीवन प्रसाद का नाम तय किया है। कमलेश पाठक व रणविजय सिंह को भी सपा विधान परिषद भेजेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493