उप्र : बॉलीवुड सितारों से सजेगी सैफई महोत्सव की आखिरी रात

सैफई, 11 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गृहनगर सैफई में होने वाले सैफई महोत्सव का सोमवार की रात समापन हो जाएगा। मनोरंजन के लिए बॉलीवुड के कई बड़े सितारे सैफई पहुंच चुके हैं।

अब तक यहां पहुंचे फिल्मी हस्तियों में सैफ अली खान, रणवीर सिंह, करीना कपूर खान, सोनाक्षी सिन्हा, सोनम कपूर, सुनील ग्रोवर उर्फ गुत्थी, आलिया इब्राहिम, नेहा शर्मा, जावेद अली जैसे सितारे शामिल हैं।

बॉलीवुड के नामी सितारे सैफई हवाईपट्टी पर दोपहर बाद चार्टड प्लेन से उतरे। इस दौरान उन्हें देखने वालों का तांता लगा रहा। आज शाम सात बजे से सैफई महोत्सव का रंगारंग समापन होगा।

सैफई सोमवार दोपहर बदला-बदला नजर आने लगा, एक के बाद एक प्लेन सैफई की हवाईपट्टी पर उतरते दिखाई दिए। दो घंटे के अंदर करीना, सोनम कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, रणवीर सिंह, सैफ अली खान, अर्जुन कपूर, परिणिति चैपड़ा, सिंगर मीका सिंह, अंकित तिवारी, जावेद अली समेत कई स्टार सैफई की धरती पर उतर गए।

सैफई महोत्सव के रंगारंग समापन की तैयारियां फिल्मी स्टारों के पहुंचने के साथ पूरी हो गईं। इन सितारों का स्वागत खुद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अलावा सांसद धर्मेद्र यादव, सांसद तेज प्रताप सिंह यादव व अन्य बड़े सपा नेताओं ने किया।

रात में ये कलाकार सैफई महोत्सव पंडाल में धमाल करेंगे। इनको आलीशान गेस्ट हाउसों में ठहराया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493