उप्र : भाजपा की परिवर्तन यात्राएं 17000 किलोमीटर चलकर थमीं (लीड-1)

लखनऊ, 24 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से चार परिवर्तन यात्राएं निकाली गई थीं, जिनका समापन 17000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद शनिवार को लखनऊ में हुआ। इन यात्राओं का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान लखनऊ से सांसद व गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा, “उप्र की जनता से हमें बेहद प्यार मिला। परिवर्तन यात्राओं ने उप्र में सफलतापूर्वक परिवर्तन की नींव रखी है।”

राजनाथ ने कहा, “नोटबंदी को चुनावी लाभ-हानि से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार का ये पहला कदम है। इस परिवर्तन रैली से विकास परक राजनीति की नींव पड़ चुकी है। सपा-बसपा ने विकास और सुशासन को वनवास पर भेज दिया था, भाजपा ने उसे वापस लाने का आगाज किया है।”

ये परिवर्तन यात्राएं पांच नवंबर को सहारनपुर, छह नवंबर को झांसी, आठ नवंबर को सोनभद्र तथा नौ नवंबर को बलिया से चली थीं। सभी यात्राएं शनिवार को दोपहर बाद मोतीमहल पहुंचीं। वहां से राजनाथ सिंह के साथ कलराज मिश्र, उमा भारती और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य इन यात्राओं को गाजे-बाजे के साथ लेकर हजरतगंज चौराहे पर पहुंचे। यहां पर महात्मा गांधी, सरदार पटेल व अन्य महापुरुषों के माल्यार्पण के बाद ये यात्राएं समाप्त हो गईं।

चारों यात्राओं के तहत कुल 192 दिन की यात्रा की। इस दौरान इन यात्राओं ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं से गुजरकर 17 हजार किमी की यात्रा तय की और करीब दो करोड़ लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छह जनसभाओं को संबोधित किया।

इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, कलराज मिश्र, उमा भारती, संजीव बालियान, राधामोहन सिंह, राज्यवर्धन सिंह राठौर, मनोज सिन्हा, डॉ. महेश शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य समेत 175 नेताओं ने परिवर्तन यात्राओं से जनता से सीधा संवाद बनाया।

इससे पूर्व सुबह 10 बजे हरदोई रोड पर रहीमाबाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री उमा भारती फैजाबाद रोड पर ब्रेक प्वाइंट ढाबा, सीतापुर रोड पर इटौंजा में भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना तथा रायबरेली रोड पर नगराम में केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493