उप्र : भाजपा को बढ़त, सपा-बसपा गठबंधन पीछे (लीड-1)

लखनऊ, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 58 सीटों पर आगे है, वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) – बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन को सिर्फ 21 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। कांग्रेस सिर्फ रायबरेली पर आगे बढ़ती दिख रही है।

वाराणसी में पांचवें राउंड की मतगणना के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1,32,450, गठबंधन उम्मीदवार शालिनी को 39,451 और कांग्रेस के अजय राय को 25,088 वोट मिले हैं। प्रधानमंत्री मोदी सपा की शालिनी यादव से 92,999 वोट से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट पर केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी से 5,925 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन लगभग 87,000 वोटों से आगे चल रहे हैं।

आजमगढ़ लोकसभा सीट से अखिलेश यादव भाजपा के निरहुआ से 25,725 वोटों से आगे चल रहे हैं। अखिलेश यादव को 50,886 वोट मिले हैं। तीसरे राउंड में गाजीपुर लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी अफजाल अंसारी आगे चल रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को सुलतानपुर में मेहनत करनी पड़ रही है। मेनका गांधी यहां पर गठबंधन प्रत्याशी यशभद्र सिंह से पीछे चल रही थीं। अब उन्होंने हजार वोट की बढ़त बना ली है।

रामपुर से गठबंधन प्रत्याशी आजम खां ने बढ़त बना ली है। रामपुर में मतगणना के शुरुआती दौर में भले ही भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा बढ़त लिए हुए थीं लेकिन, मतगणना के आगे बढ़ने पर गठबंधन प्रत्याशी आजम खां ने बढ़त बना ली है। चार राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है, जिसमें जयाप्रदा को 61,915 वोट मिले हैं जबकि, आजम खां ने 81,536 मत प्राप्त किए हैं। वे जयाप्रदा से 19621 वोटों से आगे चल रहे हैं।

भाजपा प्रत्याशियों में लखनऊ से गृह मंत्री राजनाथ सिंह, इलाहाबाद से रीता बहुगुणा जोशी, बरेली से संतोष गंगवार, गाजियाबाद से जनरल वी.के. सिंह, मेरठ से राजेंद्र अग्रवाल, मुरादाबाद से कुंवर सर्वेश अभी तक के रुझान में आगे हैं।

पहली बार ईवीएम गणना के साथ मतदाता सत्यापित पेपर अडिट पर्चियों (वीवीपैट) का मिलान किए जाने के कारण, देर शाम तक परिणाम आने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह की किस्मत का आज फैसला हो जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493