लखनऊ , 12 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब सोशल साइटों और मोबाइल एप के जरिए प्रचार प्रसार करेगी। भाजपा अब उप्र की जनता से ‘मन की बात’ करेगी और फिर जनता की राय पर ही अपना चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को लखनऊ के निरालानगर में भाजपा के चुनाव अभियान का भी आगाज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश की जनता की मन की बात को सुनेगी। जनता के मन की बात को चुनावी अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा। अब जनता की राय से भाजपा का घोषणपत्र तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सोशल साइट और मोबाइल एप के जरिए आम लोगों को अपने प्रचार के अभियान में शामिल करेगी। इसके लिए जिले और महानगर में सौ परिवर्तन सारथी बनाए जाएंगे।
निरालानगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में उन्होंने आकांक्षा पेटियों से लदे रथों को झंडा दिखाकर रवाना किया।
शाह ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं के आधार पर विधानसभा चुनाव से पहले लोगों के सामने उत्तर प्रदेश के विकास का ‘विजन डक्यूमेंट’ प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा, “हर राज्य की अलग समस्याएं होती हैं, इसलिए सबका अलग एजेंडा होता है। हमारी पार्टी ने सोचा कि हम जनता के बीच में जाएं। उत्तर प्रदेश का एजेंडा युवा, किसान और महिलाएं तय करेंगी। इसी कारण ‘यूपी के मन की बात’ कार्यक्रम शुरू किया गया। इसमें एक मोबाइल नंबर दिया गया है, जिस पर आप मिसकॉल करेंगे।”
शाह ने कहा, “आप के पास हमारी कल आएगी। आपकी समस्या को सुना और दर्ज किया जाएगा। इसी के साथ करीब 1500 आकांक्षा पेटियां लगाई जाएंगी। इसमें आप अपने मन की बात लिखकर डाल सकते हैं।”
देश में 500 व 1000 के नोट का प्रचलन बंद करने के बारे में अमित शाह ने कहा, “मुझे समझ में नहीं आ रहा कि मायावती, मुलायम, अरविंद केजरीवाल व कांग्रेस को नोट बंद होने से क्या दिक्कत है।”
उन्होंने कहा, “जिसके पास कालाधन नहीं है, वह जरा भी दुखी नहीं है। अब तो कांग्रेस और केजरीवाल भी दुखी हैं। पता नहीं, मुलायम और मायावती क्यों दुखी हैं। भ्रष्टाचार व फेक करेंसी पर रोक लगी है। इससे आतंकवाद व नक्सल सब पर रोक लगी। पीएम मोदी ने कालेधन पर प्रहार किया है।”
dharmpath.com dharmpath