उप्र : भाजपा ने लिया 2017 में सरकार बनाने का संकल्प (लीड-1)

लखनऊ, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति में सूबे में अपनी सरकार बनाने का संकल्प लिया। मंच से पार्टी नेताओं ने मिशन-2017 को लेकर हुंकार भरी और कार्यकर्ताओं में जोश भरा कि आपसी मतभेद भुलाकर जीत सुनिश्चित कराने लिए लग जाएं।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय हम सब चुनावी युद्ध के मैदान में खड़े हैं।

माथुर ने अपने संबोधन के दौरान भाजपा की प्रदेश इकाई की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश इकाई ने एक लाख 14 हजार से अधिक बूथों के लिए अपना कार्यकर्ता तैनात कर दिया है। राष्ट्रीय नेतृत्व भी इसके लिए प्रदेश इकाई की सराहना कर रहा है।

माथुर ने भी इस बात पर जोर दिया कि केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों को गांव-गांव तक फैलाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश में सुशासन लाना है। यह संदेश हमें निचले स्तर पर लेकर जाना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तीन सिद्धांतों-राष्ट्रवादी नीति, प्रगतिशील सरकार और अंत्योदय पर काम करती है।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आजादी के बाद देश का नरेंद्र मोदी के रूप में पहला ऐसा प्रधानमंत्री मिला है, जिसने विश्व स्तर पर भारत की अलग पहचान बनाई है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने प्रदेश की सपा सरकार की असफलताएं गिनाईं और केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर वर्ष 2017 को फतह करने का मंत्र दिया।

राजधानी के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित सिटी मांटेंसरी स्कूल में शुक्रवार सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। इसका उद्घाटन प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उप्र अव्वल हो गया है। सपा और बसपा दोनों ने भ्रष्टाचारी यादव सिंह को संरक्षण दिया।

इस दौरान डॉ. बाजपेयी ने केंद्र की मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र की नीतियों को गांवों में घर-घर तक फैलाने की जरूरत है।

कार्यसमिति की बैठक का समापन करते हुए केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार इस समय देश की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि आज देश में गौरवशाली सरकार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति देश की जनता में अटूट विश्वास है। उप्र की जनता को भी विश्वास दिलाना है कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ के सिद्धांत में विश्वास करती है।

प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कलराज मिश्र ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी मनमुटाव से भी दूर रहने की बात कही। छोटी-छोटी बातों को भुलाकर सामूहिकता के साथ प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लिए सभी लोग एकजुट होकर काम करें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493