उप्र : भाजपा विधायक की 9 भैंस तलाशने में जुटी पुलिस

लखनऊ, 23 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के आंवला विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक धर्मपाल सिंह के फार्महाउस से सोमवार देर रात कुछ लोग नौ भैंसें चुराकर ले गए। तीन थानों की फोर्स विधायक की भैंसों को खोजने में जुट गई हैं।

पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात विधायक के फार्महाउस पर आए कुछ चोरों ने धावा बोल दिया। उन्होंने नौकर को बंधक बनाकर नौ भैंसें खोलकर ले गए। चोरों के चले जाने के बाद नौकर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस के अनुसार, विधायक की भैंसें चोरी होने की जानकारी वायरलेस से आस-पास के जिलों में भी दे दी गई है। जगह-जगह तबेलों में छापेमारी की जा रही है। इस मामले में कई लोगों से पूछताछ चल रही है।

गौरतलब है कि करीब डेढ़ साल पहले कैबिनेट मंत्री आजम खां की चोरी हुई भैंसें उप्र पुलिस ने 36 घंटे के भीतर ही बरामद कर ली थीं। 31 जनवरी 2014 को रामपुर के डेयरी फार्म से आजम की 7 भैंसें चोरी हुई थीं। इस मामले में कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493