लखनऊ, 29 जनवरी (आईएएनएस)। बनारस से मुंबई जा रही महानगरी एक्सप्रेस के कोच एस-3 के शौचालय में एक बम बरामद किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह उच्च विस्फोटक क्षमता का बम निकला। इससे आतंकियों की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) झांसी के कमांडेंट आशीष मिश्रा ने बताया कि अब ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम पांच बजे बनारस से मुंबई जा रही 11094 अप महानगरी एक्सप्रेस के एस-3 कोच के शौचालय में बिहार निवासी यात्री अशोक यादव की सूचना पर आरपीएफ मानिकपुर ने झोले में रखे बम को मानिकपुर स्टेशन से बाहर निकाला।
इसे प्लेटफार्म नंबर 4 के पास बगीचे में रखा गया था, जिसे बम निरोधक दस्ते ने जांच के बाद असली बम करार दिया। आठ घंटे बाद इलाहाबाद से छह सदस्यीय दस्ते ने इसे निष्क्रिय करने का प्रयास किया पर असफल रहे।
बम में आईडी विस्फोटक का इस्तेमाल पाए जाने पर सुरक्षित स्थान पर इसका विस्फोट करा दिया गया। इस दौरान मुंबई-हावड़ा रूट के इस स्टेशन में पौन घंटे के लिए ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया।
आरपीएफ कमांडेंट मिश्रा ने बताया कि जांच कर मामले की रिपोर्ट रेल मंत्रालय को भेजी जाएगी। बम के कनेक्शन ठीक से नहीं जुड़ पाए थे, इसलिए आतंकियों की साजिश विफल रही।
dharmpath.com dharmpath